कानपुर। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) गर्मी की छुट्टियों में नेपाल की हवाई यात्रा का पैकेज लेकर आया है। यह यात्रा 25 से 29 जून तक रहेगी। चार रातें और पांच दिनों के सफर में यात्रियों को फ्लाइट द्वारा लखनऊ से काठमांडू और फिर लखनऊ वापसी की सुविधा रहेगी। इसमें काठमांडू से पोखरा की यात्रा भी हवाई जहाज से कराई जायेगी, जबकि वापसी बस से होगी। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। पैकेज में जाने व आने की हवाई यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था और ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर की सुविधा को शामिल किया गया है।
प्रमुख स्थलों की कराई जाएगी यात्रा
काठमांडू में पशुपतिनाथ मन्दिर, बौद्धनाथ स्तूप, दरबार स्क्वायर, तिब्बती रिफ्यूजी सेंटर और गार्डन आॅफ ड्रीम्स की यात्रा कराई जाएगी। पोखरा में मनोकामना मन्दिर, विन्ध्यवासिनी मन्दिर, गुप्तेश्वर महादेव गुफा, हिमालय की पहाड़ियों में सूर्योदय दर्शन विशेष आकर्षण होगा।
एक यात्री का पैकेज 53600 रुपये
तीन व्यक्तियोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज 44600 रुपये प्रति व्यक्ति है। दो व्यक्तियोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज 45900 रुपये प्रति व्यक्ति है। एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज 53600 रुपये है। एक बच्चे का पैकेज 44600 रुपये (बेड सहित) और 41400 रुपये (बिना बेड) है।














