कानपुर। डाॅ. अभिषेक, डाॅ. फहीम की शानदार गेंदबाजी और अफाक की एकतरफा बल्लेबाजी के दम पर वालिया हेल्थकेयर ने एचीवर्स को आठ विकेट से हराकर कानपुर क्रिकेट प्रीमियर लीग (केसीपीएल) के फाइनल में प्रवेश कर लिया। उसका खिताबी मुकाबला 23 जून को फोर सीजन टीम से होगा। फोर सीजन की टीम ब्लू वारियर्स से दो विकेट से पराजित होकर भी फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही।
केसीपीएल का पहला मुकाबला एसटीआई मैदान में एचीवर्स और वालिया हेल्थकेयर के बीच हुआ। एचीवर्स ने पहले खेलते हुए 17.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 84 का स्कोर बनाया। अखिल ने सर्वाधिक 24 और हेमंत ने 20 रन बनाए। डाॅ. अभिषेक चैहान और डाॅ. फहीम ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि विजय चैहान ने दो विकेट झटके। जवाब में खेलने उतरी वालिया हेल्थकेयर की टीम ने अफाक के ताबड़तोड़ 43 रन की बदौलत पांच ओवर में दो विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। मैच के अंत में डाॅ. अभिषेक को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
दूसरे मैच में फोर सीजन की टीम ने पहले खेलते हुए रोहित गुप्ता के 42 और उमाशंकर वर्मा के 37 रन के योगदान से 20 ओवर में नौ विकेट पर 179 का स्कोर बनाया। रजत वर्मा ने पांच विकेट हासिल किये। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू वारियर्स की टीम ने अमित गौर के सर्वाधिक 53 रन की बदौलत 18 ओवर में आठ विकेट खोकर जीत हासिल की। अनिल गुप्ता ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। मैन आफ मैच का खिताब रजत वर्मा को मिला।
















