जब कानपुर के सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चाय चाय की जगह सांप सांप की आवाज आई

0
94

कानपुर। रेलवे स्टेशन और प्रीमियम, सुपरफास्ट, एक्सप्रेस ट्रेनों में आपने चाय चाय, पानी पानी, समोसे, कोल्ड ड्रिंक, नाश्ता बोलो नाश्ता जैसी आवाजें तो बहुत सुनी होगी, लेकिन बुधवार की शाम को कानपुर के सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन के अंदर से सांप सांप की आवाजें आई। चौंक गए आप। दरअसल गोरखपुर बांद्रा एक्सप्रेस 15067 के थर्ड एसी कोच में सांप नजर आया था, जिसकी वजह से यात्रियों में दहशत का मौहाल बना रहा। यात्री डरकर दूसरे कोच में चले गए। ट्रेन के सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंचते ही सांप को बहुत खोजा गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इस दौरान यात्री प्लेटफार्म पर आ गए। काफी खोजबीन के बाद सांप नजर नहीं आया, जिसके बाद एसी कोच बदला गया। ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई। कुछ यात्रियों ने अधिकारियों को वीडियो दिखाई, जिसमें साइड की उपर वाली बर्थ पर हाथ से ठोंकने पर सांप की पूंछ लहराती हुई नजर आई। न्यूज कैपिसिटी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
गोरखपुर से बांद्रा जा रही गोरखपुर बांद्रा एक्सप्रेस बुधवार को जैसे ही लखनऊ स्टेशन से रवाना हुई, तभी ट्रेन के बी-थ्री कोच में सफर कर रहे बिट्टू को सीट नंबर 56 के पास सांप नजर आया। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद यात्री भयभीत हो गए। कुछ लोग सीट को छोड़कर दूसरी ओर चले गए। कुछ यात्री बी-टू की ओर निकल आए। सांप निकलने की सूचना टीटीई को दी गई। उन्होंने रेलवे कंट्रोल को मैसेज किया, जिसके बाद रेलवे के अधिकारी सेंटल पर तैयार हो गए। ट्रेन शाम के 5.25 बजे प्लेटफार्म नंबर चार पर जैसे ही आई। पहले से मौजूद रेलवे स्टाफ ने सांप की तलाश की। इस दौरान यात्रियों ने हंगामा किया करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भी सांप नहीं मिल सका। बी-वन और बी-टू में भी सांप को देखा गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। आखिर मे बी-थ्री का नया कोच लगाकर ट्रेन रवाना की गई। इस दौरान ट्रेन करीब दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। एसीएम रेलवे संतोष त्रिपाठी ने बताया कि सांप की सूचना थी। काफी तलाश कराई गई, लेकिन कहीं नजर नहीं आया। एहतियातन नया कोच लगाकर ट्रेन रवाना की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here