चीनी के राष्ट्रीय संस्थान से पहली बार सोना ले जाएगा विदेशी

0
112

कानपुर। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) का 51वां दीक्षांत समारोह 12 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहली बार किसी विदेशी छात्र को महात्मा गांधी गोल्ड मेडल मिलेगा। यह उपलब्धि नाइजीरिया के सैमसन अकोरे अडोय को दी जाएगी। उन्होंने संस्थान से शुगर टेक्नोलाॅजी से इंजीनियरिंग की है। समारोह में अकादमिक सत्र 2020-21, 2021-22 और 2022-2023 के 745 छात्र-छात्राओं को डिग्री दी जाएगी, जबकि होनहारों को 17 मेडल और 40 को नकद राशि के पुरस्कार से नवाजा जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और ग्रामीण विकास मंत्रालय की मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति मौजूद रहेंगी।
एनएसआई निदेशक प्रो. नरेंद्र मोहन ने प्रेसवार्ता में बताया कि दीक्षांत समारोह में विशिष्ठ अतिथि के रूप में संयुक्त सचिव (शर्करा) अश्विन श्रीवास्तव शामिल होंगे। तीनों अकादमिक सत्र में शुगर टेक्नोलाॅजी के मेधावियों को महात्मा गांधी गोल्ड मेडल मिलेंगे। इनमें 2020-21 के ललित मोहन, 2021-22 के हिमांशु पांडेय और 2022-23 क सैमसन शामिल हैं। समारोह में अलग अलग कोर्स के मेधावियों को श्रीजी फ्यूचर लीडर अवार्ड, आईएसजीईसी एक्सीलेंस अवार्ड, सीवी सुब्बाराव एक्सीलेंस अवार्ड और प्राज एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन, नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज और ग्लोबल केन शुगर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से छात्रों को कैश प्राइज दिया जा रहा है।

इन्हें मिलेगा महात्मा गांधी गोल्ड मेडल
महात्मा गांधी गोल्ड मेडल से होंगे सम्मानित
अकादमिक सत्र 2020-21 के ललित मोहन, 2021-22 के हिमांशु पांडेय और 2022-23 के नाइजीरिया के सैमसन अकोरे अडोय को महात्मा गांधी गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

तीन प्रायोजित गोल्ड मेडल होंगे घोषित
निदेशक के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान तीन नए प्रायोजित गोल्ड मेडल दिए जाने की घोषणा होगी। बलरामपुर चीनी मिल्स के एमडी की मां के नाम पर पदमश्री मीनाक्षी सरावगी गोल्ड मेडल और 20 हजार कैश प्राइज दिए जाने की घोषणा की जाएगी, जबकि डालमिया भारत शुगर मिल्स की ओर से डालमिया भारत गोल्ड मेडल साथ में 20 हजार और एल्युमिनाई डॉ. जीडी निगम की ओर से गोल्ड व सिल्वर मेडल देने की घोषणा होगी। नए पदकों को देने की शुरूआत अगले दीक्षांत समारोह से की जाएगी।

दो छात्रों को प्रदान की जाएगी फेलोशिप
दीक्षांत के दौरान दो छात्रों को फेलोशिप दी जाएगी। इसमें एनएसआई में कार्यरत मोहित कुमार और त्रिवेणी इंजीनियरिंग के डीजीएम राजेश सिंह शामिल हैं। मोहित कुमार ने नाॅन सल्फर शुगर और राजेश सिंह ने सुपर शुगर बनाने मे कामयाबी हासिल की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here