कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में अगले सात दिन तक जूडो के रोमांचक मुकाबलों का साक्षी बनेगा। यहां देशभर के 62 विश्वविद्यालयों के 600 से अधिक खिलाड़ी अपनी तकनीक, रक्षात्मक और बचाव के तरीके दिखाएंगे। इनमें कई तो ऐसे हैं, जिन्होंने भारत के लिए अन्य देशों में कामयाबी का परचम लहराया है। यहां 31 दिसंबर से छह जनवरी 2024 तक नार्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी जूडो चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उद्घाटन से दो जनवरी तक महिला और चार से छह जनवरी तक पुरूष खिलाडियों के मुकाबले होंगे। इंटर यूनिवर्सिटी की साउथ वेस्ट जोन में चैंपियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी मुंबई के विश्वविद्यालय को मिली है।
नार्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी के आयोजन की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें सीएसजेएमयू के प्रतिकुलपति प्रो .सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि विश्वविद्यालय में इस तरह की प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की जा रही है। चैंपियनशिप में हर कैटेगरी के टाॅप 16 विजेताओं के बीच इंटर जोन प्रतियोगिता कराई जाएगी। उसमें जीतने वाले खिलाडी को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। प्रेस कांफ्रेंस में रजिस्ट्रार डॉ. अनिल यादव, प्रो. नीरज कुमार सिंह, स्पोट्र्स सेक्रेटरी डॉ. आशीष कटियार और डॉ. विशाल शर्मा मौजूद रहे।
कई पदक विजेताओं को भेजा निमंत्रण
स्पोट्र्स सेक्रेटरी डॉ. आशीष कटियार ने बताया कि खेल जगत से जुड़ी कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। उन्हें निमंत्रण भेजा गया है। द्रोणाचार्य अवार्डी जीवन शर्मा, अर्जुन अवार्डी यशपाल सोलंकी, इंटरनेशनल मेडलिस्ट यामिनी मौर्या, ओलंपियन अवतार सिंह और इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो संघ के फाउंडर मुनव्वर अंजार शामिल हैं।
इन विश्वविद्यालयों से आ रहे हैैं खिलाड़ी
डीयू नई दिल्ली, एएमयू अलीगढ़, एलयू लखनऊ समेत हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, बिहार, नागालैैंड, मणिपुर, पंजाब, झारखंड, चंडीगढ़ और जम्मू एंड कश्मीर की यूनिवर्सिटी से टीमें आएंगी। चैैंपियनशिप में सीएसजेएमयू की टीम से चार महिला और पांच पुरूष खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे।
इस कैटेगरी में होंगे मुकाबले
महिलाओं के वर्ग में माइनस 48, 63, 52, 57, 70 और 78 किलो और प्लस 78 किलो कैटेगरी के मुकाबले होंगे। पुरूष वर्ग में माइनस 60, प्लस 100, माइनस 90, माइनस 73, माइनस 66 किलो में फाइट होगी। यह मुकाबले मल्टीपर्पज हाल और फिजिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट में आयोजित किए जाएंगे।
सीएसजेएमयू में 13 मेडलिस्ट कर रहे पढाई
सीएसजेएमयू में मौजूदा समय में 13 पदक धारक खिलाडी पढ़ाई कर रहे हैैं। सीएसजेएमयू की स्पोट्र्स काउंसिल की ओर से दी जा रही सुविधाओं के चलते एशियन यूथ, कॉमनवेल्थ, खेलो इंडिया, नेशनल ओपेन, आॅल इंडिया यूनिवर्सिटी और स्टेट लेवल के गेम्स में गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मेडल पाने वालों ने यहां पर एडमिशन लिया है।














