कानपुर। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों के लिए दानियों के हाथ खुल गए हैं। वे अपने सामर्थ्य और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर लोगों की मदद कर रहे हैं।
ज्योति महिला समिति की ओर से शनिवार को शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर में जरूरतमंद महिलाओं को शाॅल, साड़ी, कंबल और बच्चों को गर्म कपड़े व खिलौने दिए गए। समिति की अध्यक्ष अनीता अग्रवाल ने बताया की समिति विगत दो वर्षों से शिवराजपुर गांव में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
इस समय तेज सर्दी पड़ने लगी है। गांव में काफी संख्या में लोग जरूरतमंद हैं। समिति की संस्थापिका प्रीति अवस्थी ने बताया की ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को गर्म कपड़े, कंबल आदि की अत्याधिक आवश्यकता है। इस अवसर पर सरिता, रेखा, कंचन, सुनीता, निर्मला, नमिता, आकांक्षा, सोनी, सीता, निर्मला इत्यादि सदस्यों सहयोग किया ।














