कानपुर। प्रदेश के सरकारी कृषि विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करने का मौका है। यहां पर दाखिले के लिए हर साल उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट) का आयोजन किया जाता है, जिसमें शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। छात्र-छात्राएं सात मई तक आवेदन कर सकते हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पीके उपाध्याय ने बताया कि यूपीकैटेट के माध्यम से प्रदेश के पांच विश्वविद्यालयों के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले होते हैं। इनमें आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बांदा तथा महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुशीनगर शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन 17 मार्च से शुरू हुए हैं, जबकि सात मई तक प्रक्रिया जारी रहेगी। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम नाम, सीटों की संख्या, परीक्षा केंद्र, प्रवेश परीक्षा की अर्हता, परीक्षा की पद्धति, शुल्क, आरक्षण एवं अन्य विवरण यूपीकैटेट की वेबसाइट से मिल सकता है। इस बार प्रवेश परीक्षा, काउंसिलिंग और एडमिशन की प्रक्रिया सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ द्वारा की जा रही है।














