Chandrayaan 3 की सफल लॉन्चिंग के बाद इस मिशन के लिए आज का दिन भी काफी खास है। इसरो के अनुसार, आज चंद्रयान चंद्रमा के ऑर्बिट (कक्षा) में प्रवेश करेगा। अब तक अंतरिक्ष यान 14 जुलाई को लॉन्च होने के बाद से चंद्रमा की लगभग दो-तिहाई दूरी तय कर चुका है।
चंद्रयान पर नया अपडेट
Chandrayaan3 पर इसरो ने नया अपडेट दिया है। इसरो के अनुसार, यान आज यानी 5 अगस्त को लगभग शाम 7 बजे चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा। अपडेट में बताया गया कि फिलहाल चंद्रयान सही तरह से काम कर रहा है। चंद्रयान आज लूनर ऑर्बिट इंजेक्शन (एलओआई) के जरिए अपनी कक्षा बदलकर चंद्रमा के ऑर्बिट में जाएगा।
चंद्रमा के उलटे चक्कर लगाएगा यान
चंद्रयान अभी धरती के जिस तरफ चक्कर लगा रहा था, आज से वो चंद्रमा के चारो ओर उलटी दिशा में चक्कर लगाएगा। यान पहले अंडाकार ऑर्बिट में चक्कर लगाएगा, इसके बाद 100 किमी की दूरी रहने पर यह गोलाकार ऑर्बिट में चक्कर लगाएगा।

















