कानपुर। मकर संक्रांति से पहले उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। कानपुर समेत आसपास के जिलों में धुंध, कोहरा और सर्द भरी हवा का सितम है। शुक्रवार तक कोल्ड डे का प्रकोप था, अब शीत लहर सताएगी। हवा सामान्य से काफी तेज चलेगी, जबकि तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं। जम्मू कश्मीर के नजदीक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश वाले क्षेत्र में एंटी साइक्लोन बनने की संभावना है। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ ही हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसका असर उत्तरी क्षेत्रों में होगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डाॅ.एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.4 और न्यूनतम 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ । शनिवार को अधिकतम तापमान 18.4 और न्यूनतम 3.0 डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी से कोल्ड-डे की स्थिति समाप्त हो गई है, जबकि शीत लहर जारी रहने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अत्याधिक ऊंचाई पर बादल छाए रहेंगे, जिसके चलते तापमान में वृद्धि होगी। तापमान भले ही ज्यादा हो जाएगा, लेकिन ठंड का असर होगा। हवा समान्य से तेज चलेगी। मौजूदा समय में दक्षिण पश्चिम हवा चल रही है।
डाॅ. पांडेय के मुताबिक अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहेगा।
शीत लहर को लेकर अलर्ट
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की ओर से शीत लहर और अत्याधिक घना कोहरा पड़ने की आशंका पर अलर्ट जारी किया गया है।
अत्याधिक शीत लहर वाले शहर
अमरोहा, बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बिजनौर, देवरिया, गोंडा, गोरखुपर, कुशीनगर, लखीमपुरखीरी, महाराजगंज, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फर नगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, संभल, शाहजहांपुर, शामली, सिद्धार्थ नगर, सीतापुर, श्रावस्ती।
घने कोहरे से प्रभावित रहेंगे जिले
कानपुर, आगरा, अमेठी, औरैया, बांदा, चंदौली, चित्रकूट, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जालौन, जौनपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कासगंज, कौशांभी, लखनऊ, मथुरा, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत रविदास नगर, उन्नाव, वाराणसी।














