कानपुर। घाटमपुर में सड़क पर अतिक्रमण के मामले में गलत रिपोर्ट देने में जिलाधिकारी ने लेखपाल, राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है, जबकि नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस दिया है।
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर शनिवार को घाटमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुन रहें थे। उन्हें शिकायतकर्ता ने अवरूद्ध सड़क मार्ग पर अतिक्रमण होने की पूर्व में की गई शिकायत की जानकारी दी, जिसकी आख्या आईजीआरएस पोर्टल में गलत लगाई गई थी। इस मामले में डीएम अधिकारियों पर नाराज हुए और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
घाटमपुर गल्ला मंडी के लोगों ने केस्को के ठेकेदार द्वारा अव्यवस्थित रूप से बिजली के खंबे लगाने की शिकायत की, जिस पर दक्षिणांचल के अधिशाषी अभियंता को आज ही मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया। बिजली के खंबे अव्यस्थित मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खर्च पर ही उनको शिफ्ट कराया जाए।
ग्रामीणों ने घाटमपुर के आपूर्ति कार्यालय में बाहरी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कार्य किए जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान ही आपूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्ति निरीक्षक को चेतावनी दी कि अगर कार्यालय में अवैध रूप से कोई बाहरी कार्य करता पाया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में 15 शिकायतें आईं थी। डीएम ने सभी मामलों में उप जिलाधिकारी घाटमपुर, तहसीलदार घाटमपुर, नायब तहसीलदार तथा अन्य राजस्व अधिकारियों की टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी घाटमपुर रामानुज, तहसीलदार घाटमपुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














